अगर आप भी अपना कोइ आरटिकल अपने विचार बताना चाह्ते है तो लिख कर ह्मे email करे hsanadhya058@gmail.com पर
read भारत मे भ्रस्टाचार से जुडे कई मजेदार आरटिकल्स हर रोज नये विभिन्न जानकारो द्वारा लिखे गये Always read it

Sunday, 21 August 2011

anna tum aage bdho hum tumhare sath hai

भ्रष्टाचार के विरुद्ध अन्ना हजारे की छेड़ी मुहिम का असर शनिवार को पांचवे दिन भी बरकरार रहा। देश की राजधानी दिल्ली ही नहीं सुदूर राज्यों में आंदोलन की मशाल जलती देखी गई। धरना देकर, अनशन करके, जुलूस निकालकर, हस्ताक्षर अभियान के जरिए लोग अपने मन की बात कहते-करते देखे गए। बिहार के बाद अब झारखंड की जेलों में भी कैदी अनशन पर बैठ गए हैं। झारखंड
अन्ना की आजादी की दूसरी जंग में पूरा झारखंड जोश-खरोश से शामिल है। शनिवार को भी बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे रांची और अन्य शहरों और गांवों में सड़कों पर उतरे और नारे लगाए। रांची की बिरसा मुंडा जेल में अन्ना के समर्थन में कैदी भी अनशन पर बैठ गए हैं। भाजपा, झाविमो और जदयू समेत अनेक राजनीतिक दलों ने भी अन्ना के आंदोलन के समर्थन में सड़कों पर रैली निकालीं।
बिहार
भ्रष्टाचार के खिलाफ अन्ना के समर्थकों का बिहार में विभिन्न स्थानों पर अनशन, धरना प्रदर्शन, जुलूस, पदयात्रा, जनसंवाद तथा हस्ताक्षर अभियान जारी है। वकीलों और इंडिया अंगेस्ट करप्शन के कार्यकर्ताओं ने अंटाघाट से कारगिल चौक तक पदयात्रा निकाली। कारगिल चौक पर 16 अगस्त से रोज अनशन, धरना प्रदर्शन और सभा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उड़ीसा
अन्ना के समर्थन में उड़ीसा में लोग शुक्रवार को भी सक्रिय रहे। पुरी में जगन्नाथ मंदिर के पुजारियों ने अन्ना के बेहतर स्वास्थ्य के लिए पूजा अर्चना की और आंदोलन के समर्थन की घोषणा की। भुवनेश्वर में दो लोगों का आमरण अनशन पांचवे दिन भी जारी रहा। अन्ना के समर्थन में भुवनेश्वर में शनिवार को तीन सभाएं भी हुईं। इसके अतिरिक्त प्रदेश के विभिन्न इलाकों में धरने, प्रदर्शन और रैलियां भी हुईं।
उत्तर प्रदेश
लखनऊ के झूलेलाल पार्क में शनिवार को गगनभेदी नारों के बीच शनिवार को उमड़ा जन सैलाब दिनभर अन्ना हजारे के समर्थन में डटा रहा। स्कूली बच्चे, युवा, समाजसेवी, बुजुर्ग, अधिवक्ता व डॉक्टर सभी अन्ना के समर्थन में एकजुट दिखे। अन्ना के समर्थन में आमरण अनशन कर रहे मुन्नालाल शुक्ला की हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। नारी शक्ति संस्थान की महामंत्री डॉ.अल्पना वाजपेयी के नेतृत्व में रविवार को महिलाएं झूलेलाल पार्क में एक दिन का उपवास करेंगी। मेरठ में विभिन्न संगठनों ने जुलूस निकाला। बुलंदशहर में सैकड़ों स्कूली बच्चों ने रैली निकाली।
मुजफ्फरनगर, बागपत और सहारनपुर में शहर के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों ने अन्ना हजारे के समर्थन में जुलूस निकाले। बिजनौर में धरना प्रदर्शन में सरकारी कर्मचारी भी शामिल हुए। मुरादाबाद में कंपनी बाग स्थित स्वतंत्रता सेनानी भवन पर भाजपा और अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों ने अन्ना को समर्थन में हस्ताक्षर अभियान चलाया। शाम को व्यापारी संगठनों ने रैली निकाली। अलीगढ़ के 18 निजी स्कूलों के हजारों बच्चों ने बड़ी रैली निकाली और रामलीला मैदान तक मार्च करते पहुंचे।
पंजाब
पंजाब के लुधियाना में अन्ना हजारे के समर्थन में जिला स्तर पर भी विभिन्न संगठनों का अनशन शुरू हो गया है। चार दिन से अनशन पर बैठे बुजुर्ग सूरत सिंह की हालत बिगड़ने पर उन्हें पुलिस ने अस्पताल में भर्ती करा दिया है। बठिंडा में शनिवार से चार युवक आमरण अनशन पर बैठ गए हैं जबकि दस लोग उनके साथ क्रमिक अनशन करेंगे। पटियाला में भी अनशन पर कुछ लोग बैठ गए हैं। फाजिल्का, अबोहर, मुक्तसर, मोगा, फरीदकोट, बरनाला, मानसा, बरेटा में आज भी विभिन्न संगठनों की क्रमिक भूखहड़ताल जारी रही। मोगा में डाक्टरों ने आइएमए और किसानों ने भाकियू के बैनर तले जुलूस निकाले। सरहिंद में दूसरे दिन भी वकीलों ने हड़ताल रखी। मंडी गोबिंदगढ़ में रोज कैंडिल मार्च निकाला जा रहा है।
हरियाणा
कई कीर्तिमान अपने नाम कर चुके हरियाणा में जींद जिले के गांव धनौरी के लोग भ्रष्टाचार के खिलाफ अन्ना हजारे की लड़ाई में भी कीर्तिमान बनाने जा रहे हैं। बच्चे-बूढ़े हों या अपंग या महिलाएं, गांव के सभी लोग अन्ना के समर्थन में अनशन पर बैठेंगे। ग्राम सुधार युवा संगठन, ग्राम पंचायत, धर्मशाला प्रबंध कमेटी, महिला साक्षर समूह, महिला मंडल और गांव के गणमान्य लोगों ने शनिवार को तय किया कि पूरी 20 हजार की आबादी अनशन पर बैठेगी। प्रतिदिन 101 लोग कलायत-दातासिंगवाल मार्ग पर अनशन पर बैठेंगे।
उत्तराखंड
उत्तराखंड के शहरों से लेकर तमाम कस्बों में भी अन्ना की आंधी नजर आने लगी है। पांचवें दिन शनिवार को भी राज्यवासी बड़ी तादाद में सड़कों पर उमड़े। दोपहर में प्रदर्शन तो शाम को कैंडल मार्च के रूप में भ्रष्टाचार विरोधी मुहिम परवान चढ़ी। दून में छात्रों और शिक्षकों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी जंग में बढ़चढ़कर भागीदारी की तो गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में विभिन्न क्षेत्रों में जुलूस और कैंडल मार्च निकालकर लोगों ने अन्ना का समर्थन किया।
महाराष्ट्र
मुंबई में अन्ना हजारे के समर्थकों की पांचवें दिन शनिवार को भी भूख हड़ताल जारी रही। करीब 60 लोग अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर हैं। इंडिया अंगेस्ट करप्शन के भारत के संयोजक रुबेन मास्केरेनहास के अनुसार अनशन करने वालों के स्वास्थ्य पर डॉक्टर लगातार नजर रखे हुए हैं।
तमिलनाडु
चेन्नई में अन्ना समर्थक एक समूह का अनशन शनिवार को भी जारी रहा। यहां अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे लोगों की संख्या 41 हो गई है। इसके अलावा पांच व्यक्ति क्रमिक भूख हड़ताल कर रहे हैं। मंगलवार से बैठे इन लोगों को बगैर कुछ खाए सौ घंटे से अधिक गुजर चुके हैं। इनमें से एन बालाजी नामक व्यक्ति को शुक्रवार को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। भूख हड़ताल करने वालों में 81 वर्षीय बुजुर्ग अप्पा इंद्रावल भी हैं।
कर्नाटक
अन्ना के समर्थन में बेंगलूर के फ्रीडम पार्क में लगातार पांचवें दिन शनिवार को हजारों छात्रों एवं आईटी पेशेवरों का जमावड़ा लगा रहा। अवकाश का दिन होने के कारण प्रदर्शनकारियों की संख्या बढ़ गई। वे भ्रष्टाचार विरोधी नारे लगा रहे थे।
सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश एन संतोष हेगड़े कर्नाटक में भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन के चेहरे के तौर पर उभरे हैं। वह भी अन्ना के समर्थन में धरने पर बैठे हैं। सैकड़ों आइटी पेशेवर केआर सर्किल पर जमा हुए और पार्क तक जुलूस निकाला। वे 'वंदे मातरम' और 'भारत माता की जय' के नारे लगा रहे थे। इनमें से कई तिरंगा लहरा रहे थे। एस पी रोड के सैकड़ों व्यापारियों ने अन्ना के समर्थन में कुछ देर के लिए अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए और पास के टाउनहॉल तक रैली निकाली। वकीलों के एक वर्ग भी आंदोलन में शामिल है।
पोर्ट ब्लेयर
पोर्ट ब्लेयर के जवाहर लाल नेहरू राजकीय महाविद्यालय के छात्रों ने शनिवार को अन्ना हजारे के समर्थन में रैली निकाली। अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूहों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में भी अन्ना के समर्थन में लोगों ने कैंडल मार्च किया।

Followers